सहारनपुर। नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहरवासियों से ऑनलाइन राय मांग रहा है। यानी आपका शहर गंदा है या साफ तथा आप किस तरह से सफाई चाहते हैं यह सब ऑनलाइन बताना होगा। कोई भी व्यक्ति डब्ल्यूडब्ल्यूडबल्यू डॉट स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 डॉट ओआरजी पर जाकर फॉर्म को ऑनलाइन सबमिट कर प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
वेबसाइट पर जाकर आपको अपने स्टेट, जनपद, शहर, अपना नाम, इमेल एड्रेस, मोबाइल नंबर, आयु और तमाम कॉलम पूरे करने के बाद नेक्सट करना है। इसके बाद आपको अपनी राय देनी है। याद रखिए आपकी राय स्वच्छता सर्वेक्षण में अहम भूमिका निभाएगी। आपकी राय सर्वेक्षण के तहत दिए जाने वाले प्वाइंट्स को प्रभावित करेगी। नगर निगम ने वेबसाइट को सार्वजनिक कर जनता से राय मांगी है। आपको बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण चार जनवरी से शुरू हो चुका है। देशभर के एक हजार शहरों पर किया जाने वाला यह सर्वेक्षण तीन महीने चलेगा। प्रत्येक शहर में इसे शुरू होने की तिथि अलग-अलग है। पिछले वर्ष 400 शहरों पर हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में सहारनपुर का 245वां स्थान रहा था। जिससे निराशा हाथ लगी थी। हालाकि पिछले दिनों एक अन्य सर्वे में प्रदेश में स्वच्छता के मामले में सहारनपुर का पांचवां स्थान दर्शाया गया है। ऐसे में इस बार परिणाम अच्छा रहने की उम्मीद है।
सांसद के घर के सामने जलभराव
सहारनपुर। दिलद्ली रोड स्थित साउथ सिटी कॉलोनी के सामने पानी का पाइप फटने की वजह से घंटों पानी सड़क पर बहता रहा। इसकी वजह से सड़क पर भारी जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह लगातार निगम में फोन कर सूचना देते रहे, मगर घंटों बाद भी कोई कर्मचारी लाइन को ठीक करने नहीं पहुंचा।