नानौता (सहारनपुर)। नगर पंचायत सभासदों व प्रतिनिधियों द्वारा विपक्ष का गठन करते हुए सभासद अभिजीत उर्फ सन्नी राणा को नगर विकास मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया। विपक्ष का कार्य नगर में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराना तथा अवैध तरीके से होने वाले कार्यों को रोकना होगा।
बृहस्पतिवार को नगर के वार्ड नंबर 4 से नवनिर्वाचित सभासद अभिजीत राणा उर्फ सन्नी राणा के आवास पर नगर के छह सभासदों व प्रतिनिधियों द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें नगर के विकास को लेकर एक नगर विकास मोर्चा का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से अभिजीत उर्फ सन्नी राणा को अध्यक्ष चुना गया। अभिजीत उर्फ सन्नी राणा ने बताया कि मोर्चा का मुख्य उद्देश्य नगर में बिना भेदभाव के विकास कार्य, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ, नगर पंचायत कार्यालय में सेवानिवृत्त लोगों को हटाना, नगर में अवैध तरीके से होने वाले काम का विरोध करना, सभासदों के मान सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहना तथा नगर पंचायत में पूर्णत: दलालों का प्रवेश रोकना होगा। बैठक में सभासद गुलफाम राव उर्फ फाना राव, सभासद प्रतिनिधि राजू कश्यप, समरीन सिद्दीकी, वासिल खान, राहुल कुमार आदि रहे।