22 को विधानसभा घेरने का एलान
सहारनपुर। आंगनबाड़ी कर्मचारियों एवं सहायिकाओं ने लगातार 52 वें दिन धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने में 22 दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर प्रदर्शन करने का एलान किया।
हकीकतनगर के रामलीला मैदान में धरना प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारी जिलाध्यक्ष सुलेलता पंवार के नेतृत्व में जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर को आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिकाएं लखनऊ के लिए रवाना होंगी। जहां 22 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करेंगी। पूनम शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली योगी सरकार में महिलाएं भटकने पर मजबूर हैं। सुधा धीमान ने कहा कि लखनऊ पहुंचकर आंगनबाड़ी अपनी ताकत का अहसास कराएंगी। अर्चना शर्मा और सुनीता शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मचारी सरकार का सम्मान करतीं हैं, सरकार भी उनका सम्मान करें और उनकी मांगें मानकर उनका धरना खत्म कराकर उन्हें घर भेजे। नीलम शुुक्ला ने कहा कि अपनी मांगों को पूरा कराए बिना अब वह पीछे नहीं हटेंगी। धरने में रीता चौधरी, आरती सैनी, गीता शर्मा, ऊषा रानी, सुंदरी, प्रवीन, लीलावती, परवीन बानो, शबनम, कविता, गायत्री, कमला शर्मा, सावित्री, अनीता गुप्ता शामिल रहीं।