सहारनपुर। चुनाव के अंतिम पड़ाव में आचार संहिता के उल्लंघन के एक के बाद एक धड़ाधड़ मामले दर्ज हो गए हैं। पहले कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ नगर कोतवाली में मामला दर्ज हुआ। फिर उसके बाद एक नेता के दूसरी पार्टी को समर्थन देने की अफवाह पर मुकदमा दर्ज करा दिया है। आचार संहिता के उल्लंघन के मामले मतदान के ठीक पहले दर्ज हुए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी शशि वालिया के समर्थन में फिल्म अभिनेता एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर द्वारा निकाले गए रोड शो में जाम लगने के कारण आचार संहिता का मामला नगर कोतवाली में दर्ज किया गया। यह मामला प्रत्याशी शशि वालिया और रोड शो की अनुमति लेने वाले दिनेश शर्मा के खिलाफ दर्ज हुआ।
इसके बाद सदर कोतवाली में गलत अफवाह फैलाने का मामला दर्ज हुआ। बताया जा रहा है कि एक व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन नवाजिश ने सैफ पर आरोप लगाया है कि उसने नाम से सैफ कुरैशी नाम के एक व्यक्ति ने कांग्रेस के एक नेता द्वारा बसपा प्रत्याशी को समर्थन देने की अफवाह वायरल कर दी। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है।
मारपीट का आरोप
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजी निवासी आसिफ जमीर ने मोहल्ले के ही तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आसिफ का कहना है कि वह पैरों से विकलांग है। वह मोहल्ले में जन सुविधा केंद्र चलाता है। 27 नवंबर की सुबह लगभग 11 बजे तीन लोग उसके मकान में जबरन घुस गए और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे लोगों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसिफ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस मामले में एसएसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।