सहारनपुर। रेलवे स्टेशन के नजदीक शुक्रवार को जम्मू तवी से पटना जाने वाली सुपरफास्ट अर्चना एक्सप्रेस में इंजन और ट्रेन के अलग होने की घटना की जांच के लिए दिल्ली से तकनीकी एक्सपर्ट की टीम सहारनपुर पहुंची और मामले की जांच की। टीम सोमवार को अपनी रिपोर्ट देगी।
अर्चना एक्सप्रेस में शुक्रवार को सहारनपुर पहुंचने से पूर्व पहले पिलखनी में और फिर सहारनपुर स्टेशन से कुछ मीटर आगे बढ़ते ही खान आलमपुरा में चलती ट्रेन से इंजन अलग हो गया। ट्रेन पीछे रह गई और कपलिंग खुल कर इंजन आगे चला गया। जिससे अर्चना एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। शुक्रवार को ही अंबाला से सीनियर डीसीएम के नेतृत्व में टीम जांच के लिए सहारनपुर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से भी तकनीकी एक्सपर्ट की टीम सहारनपुर पहुंची और घटना की जांच की। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान टीम ने अलग-अलग अधिकारियों से पूछताछ की। स्टेशन अधिकारियों के साथ-साथ शुक्रवार को अर्चना ट्रेन की मरम्मत करने गए इंजीनियरों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई। रेलवे अधिकारी इंजन के ट्रेन से अलग होने से किसी बड़ी दुर्घटना होने की संभावना नहीं जता रहे हैं। लेकिन गंभीर मामला देखते हुए अलग-अलग जांच टीमें घटना की जांच कर रहीं हैं। रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि कैटल रनिंग (जानवर निकलना) के चलते कपलिंग का लॉक ऊपर हो सकता है। इसके अलावा ट्रेन के चलते समय कोई पत्थर उछलकर कपलिंग के लॉक पर लगा और लॉक खुल गया। जिससे इंजन और कोच अलग-अलग हो गए। मंडल रेल प्रबंधक डीसी शर्मा का कहना है कि जांच टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर घटना की अलग-अलग जांच की है। दिल्ली की तकनीकी विशषज्ञों की टीम भी जांच कर रही है। जांच टीमें सोमवार को जांच रिपोर्ट सौंप देंगी। उसके बाद ही घटना का सही कारण पता चल सकेगा।