सरसावा(सहारनपुर) । बाजारों में बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर पालिका प्रशासन सख्त कदम उठाने के लिए तैयार है। पालिका प्रशासन ने बाजारों में पर्चे बंटवाकर अतिक्रमण करने वालों को आगाह कर दिया है कि सोमवार से पालिका के कर्मी पुलिस प्रशासन तथा जेसीबी वाहन को साथ लेकर वृहद अभियान चलाएंगे।
शुक्रवार को दोपहर में पालिका प्रशासन द्वारा बाजार में बांटे गए पर्चों के बाद एकाएक बाजार में खलबली सी मच गयी। बाजारों में अतिक्रमण से नागरिकों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इसे लेकर नागरिकों ने पालिका के ईओ के समक्ष शिकायत भी की थी। लेकिन रेहड़ी खोमचे वाले अतिक्रमण हटाने के लिये तैयार नहीं थे। जिसके कारण बाजार में कई बार तनाव की स्थिति भी बन चुकी है। लेकिन अब पालिका प्रशासन भी अतिक्रमण हटाने के मूड में आ चुका है और शुक्रवार को बाजार में बांटे गये पर्चे इसी का पहला कदम है। पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार ने मीडिया से बात करते हुये कहा कि यदि रविवार को दुकानदारों तथा रेहड़ी खोमचे वालों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके लिये पुलिस को सूचित कर सहायता मांग ली गयी है साथ ही जेसीबी मशीन भी किराये पर मंगा ली गयी है जिससे स्थायी कब्जों को भी ध्वस्त कर दिया जाएगा।