देवबंद (सहारनपुर)। प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में सैन बाबा की प्रतिमा खंडित किए जाने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस को उस समय दौड़ लगानी पड़ी, जब सूचना मिली कि लोगों की भीड़ ट्रैक्टर ट्रालियों से देवीकुंड मंदिर पर पहुंच रही है। पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ घलौली चेक पोस्ट पर पहुंचे, जहां पता लगा कि कुछ श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्राली से मंदिर में ज्योत लेकर जा रहे थे। तब पुुलिस ने राहत की सांस ली।
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में शरारती तत्वों ने सैन बाबा की प्रतिमा खंडित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया था। बुधवार को जब इसकी जानकारी हिंदू समाज के लोगों को हुई तो उनमें रोष फैल गया। पुलिस और शहर के जिम्मेदार लोगों की सूझबूझ के चलते घटना को लेकर किसी प्रकार का हंगामा नहीं हुआ। लेकिन, बृहस्पतिवार की सुबह जब पुलिस को जानकारी मिली कि घलौली गांव की ओर से लोगों से भरी कई ट्रैक्टर ट्रालियां देवीकुंड मंदिर पहुंच रही है। इस पर कोतवाल पंकज कुमार त्यागी मय फोर्स सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित घलौली पुलिस चेक पोस्ट पहुंचे नाकेबंदी कर दी। घंटों इंतजार करने के बाद घलौली की ओर से कुछ ट्रैक्टर ट्रालियां आईं, जिसमें श्रद्धालु ज्योत लेकर जा रहे थे। जांच करने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को आगे जाने दिया और राहत की सांस ली।