सहारनपुर। प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी हेमंत राव ने बृहस्पतिवार को विकास कार्यों की समीक्षा में कहा कि अधिकारी अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट के साथ टिप्पणी भी लिखें। जो भी निर्माण कार्य किए जाएं उनमें गुणवत्ता व पारदर्शिता बरती जाए। जिलाधिकारी कराए गए कार्यों की समीक्षा करते रहें। उन्होंने कहा कि जो भू माफिया हो उनका चिह्नीकरण कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ग्राम सभा व सरकारी भूमि पर कब्जाधारकों के विरुद्व एफआईआर दर्ज की जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव ने पीडब्लूडी, परिवहन, आरईएस व सिंचाई विभाग के अधिकारियों से पूछा कि कोई माफिया तो नही जिनके कारण ई ट्रेडिंग होती हो। आप ठेकेदारों की काम के प्रति कठोर रवैया रखें और समय-समय पर उनकी बैठकें करते रहें। उन्होंने कानून व्यवस्था की जानकारी एसएसपी से ली और कहा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्हें अवगत कराया गया कि डायल 100 गाड़ी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में घटना स्थल तक 15-20 मिनट में पहुंच जाती है। उन्होंने व्यापार कर, विद्युत, आबकारी, स्टांप, परिवहन, वसूली की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए वसूली में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए और बड़े बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी करने को कहा। जिन लोगों की आरसी जारी हो चुकी है उनकी कुर्की की कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ से कहा कि पीएचसी, सीएचसी पर निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने वाले डाक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। जनपद में दवाई की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, भ्रूण परीक्षण रोक, राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण, अंधता निवारण, परिवार नियोजन, मलेरिया नियंत्रण, नियमित टीकाकरण, स्वच्छ शौचालय निर्माण, राजस्व ग्रामों के साफ-सफाई, भूजल आदि कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी पीके पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, एडीएम एफ विनोद कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी सोढ़ी, डीएफओ विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।