सहारनपुर। जिला समन्वयक बालिका की हठधर्मिता के चलते रक्षाबंधन के त्योहार पर भी जनपद भर के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की 900 से अधिक बालिकाएं एवं स्टाफ अपने भाइयों की कलाई पर राखी नही बांध सकेंगी। कारण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की संस्तुति के बावजूद जिला समन्वयक द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष पत्रावली प्रस्तुत नहीं की गई। जिस कारण उनकी छुट्टी निरस्त कर दी गई है।
एक ओर जहां प्रदेश सरकार रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को भाइयों से मिलाने के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान कर रही है। इसके विपरीत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय जिलाधिकारी के संरक्षण में कार्य करते हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर परंपरागत रूप से बालिका विद्यालयों में अवकाश होता रहा है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश संयुक्त सचिव एवं कस्तूरबा महंगी के लेखाकार रजनीश राठौर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर छुट्टी देने की मांग की थी। जिस पर बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने जिला समन्वयक आदित्य शर्मा को अनुमोदन के लिए पत्रावली जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। मगर जिला समन्वयक ने उक्त पत्रावली डीएम के समक्ष प्रस्तुत नहीं की। इसके चलते छुट्टी निरस्त कर दी गई। शासनादेश को बलाए ताक रख पहली बार बालिकाओं को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। इसे लेकर छात्राओं के साथ ही अभिभावकों में भी रोष व्याप्त है। प्रदेश संयुक्त सचिव रजनीश राठौर ने जिलाधिकारी से रक्षाबंधन पर्व पर बालिकाओं को अवकाश देने की अपील की है। उधर, डीएम पीके पांडेय का कहना है कि अवकाश की फाइल तलब की जा रही है।