गंगोह (सहारनपुर) कस्बा निवासी दो मुस्लिम युवकों ने सांप्रदायिक सौहार्द, प्रेम और आपसी भाईचारे की पेश करते हुए हरिद्वार से गंगाजल लाकर महाभारत कालीन शिव मंदिर में भगवान आशुतोष का अभिषेक किया।
जलाभिषेक से पूर्व नगरपालिका सभासद हारुण चौधरी ने कहा कि आज छोटी छोटी बातों पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ जाता है। जिसके जिम्मेदार असामाजिक तत्व और कुछ लोगों की छोटी मानसिकता है। कहा कि हमारी पूजा पद्धति और इबादत के तौर तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, मगर हमारे शरीर में बहने वाला खून एक ही है। हम एक ही आबोहवा में सांस ले रहे हैं। बताया कि उसने हिंदू मुस्लिम समाज में बढ़ती खाई को को पाटने और आपसी भाईचारा कायम होने की कामना के साथ जलाभिषेक करने का निर्णय लिया है। इसके उपरांत उसने अपने मुस्लिम साथी अनीस मलिक, सपा नगराध्यक्ष हितेष मित्तल, विकास सिंघल, संदीप, राजू गर्ग, टीनू, जोधा, अमित, कुलदीप आदि के साथ गांव गुड़छप्पर स्थित महाभारत कालीन गुड़छप्पेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया और भोलेनाथ से विश्व शांति, सांप्रदायिक सौहार्द एवं सुख-समृद्धि की कामना की।