कांवड़ यात्रा मार्ग से नहीं हटीं अंडे-मांस की दुकानें
देवबंद (बागपत)। कांवड़ यात्रा मार्ग से मांस-अंडे की दुकानें हटाने के शासन के आदेशों का प्रशासन पर कोई असर दिखाई नहीं पड़ रहा है। देवबंद के भायला रोड पर आज भी अंडे-मांस की दुकानें खुली हैं, जबकि उक्त मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं।
कांवड़ यात्रा आरंभ होने से पूर्व शासन ने आदेश दिया था कि जिन मार्गों से कांवड़ यात्री गुजरते हैं वहां की दुकानों को कांवड़ यात्रा संपन्न होने तक बंद रखा जाए। पुलिस प्रशासन ने शुरू में कार्रवाई करते हुए एक दो स्थानों से दुकानों को बंद जरूर कराया था। लेकिन जिन मार्गों पर कांवडिये ज्यादा गुजरते हैं वहां आज भी अंडे-मांस की दुकानें खुली हुई हैं। जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है। एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि पुलिस को कांवड़ यात्रा मार्ग से अंडे-मांस की दुकानें बंद कराने के आदेश दे दिए गए हैं। जो दुकानें अभी खुली हुई हैं उन्हें शीघ्र बंद करा दिया जाएगा।