गंगोह (सहारनपुर)। गांव रंगैल के पात्र गृहस्थी योजना में चयनित कुछ उपभोक्ताओं ने राशन विक्रेता पर उन्हें पिछले काफी समय से राशन ना देने और अपात्र लोगों के कार्ड बनवाकर खाद्यान्न हड़पने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी मितलेश पत्नी विनोद, मोनिका पत्नी विजय, सुनीता पत्नी बाबूराम, कविता पत्नी जसवंत, करन पत्नी तिलका आदि महिलाओं ने तहसील दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में उक्त आरोप लगाते हुए बताया कि उनका नाम पात्र लोगों की सूची में दर्ज होने के बावजूद राशन विक्रेता उन्हें राशन नहीं दे रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू हो जाता है। इस कारण गांव में किसी भी वक्त झगड़ा होने की संभावना है। आरोप है कि 6 जुलाई को आरोपी विक्रेता द्वारा कुछ अधिकारियों को गांव में बुलाकर अर्जी-फर्जी जांच कराई गई है। शिकायत कर्ताओं के अलावा रोहताश, आनंद, रजत, विपिन, जयपाल आदि ने भी निष्पक्ष रूप से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।