जिला सहकारी बैंक की मोबाइल एटीएम सेवा शुरू
सहारनपुर। जिला सहकारी बैंक अब मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव में एटीएम की सेवा उपलब्ध कराएगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। इस वैन से खातेदारों को एटीएम कार्ड के माध्यम से पैसा निकालने की सुविधा उपलब्ध होगी। डीसीबी के खातेदार भी बढ़कर अब 279580 हो गए हैं।
शनिवार को मोबाइल एटीएम वैन का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक के सभापति चौधरी राजपाल सिंह जुड्डा और अन्य संचालकों ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह वैन जिले के एटीएम विहीन और दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर एटीएम कार्ड से पैसा निकालने की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस वैन के रिस्पांस को देखने के बाद मोबाइल वैन की संख्या बढ़ाई जा सकती है। वैन को रवाना करने के बाद जीपीओ रोड स्थित एक सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में डीसीबी के चेयरमैन ने बोर्ड के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताई। उन्होंने कहा कि डीसीबी ने पिछले एक वर्ष में 23243 नए ग्राहक जोडे़ हैं। अब खाताधारकों की संख्या बढकर 279580 हो गई है। इस समयावधि में बैंक के ऋण वितरण में 11464.82 लाख की बढ़ोतरी हुई है जबकि शुद्ध लाभ में 232.79 लाख का इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि बैंक पूर्णतया सीबीएस पैटर्न पर चल रहा है। मार्च तक बैंक की फसली ऋण वसूली 56.34 प्रतिशत ही हो सकी है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष बैंक की जीवाला और बरौली शाखाएं घाटे में चल रही थीं। प्रबंधन के प्रयास से ये दोनों शाखाएं अब लाभ में पहुंच गई हैं। अब एक सायंकालीन शाखा ही घाटे में चल रही है। उसे भी लाभ में लाने के प्रयास चल रहे हैं। बैंक के महाप्रबंधक अनूप कुमार, संचालक चौधरी राज सिंह माजरा, चौधरी राजेंद्र सिंह राठौर, राजवीर सिंह, चरण सिंह कौरवा, महेंद्र सिंह सैनी, डीसीडीएफ के सचिव मौहम्मद नसीम सहित अन्य मौजूद रहे।