पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों की हड़ताल आज से
सहारनपुर। पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार से शुरू हो रही है, जो 12 फरवरी तक चलेगी। हड़ताल को सफल बनाने के लिए कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पुरानी पेंशन बहाली मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को बाइक रैली निकालकर कर्मचारियों से संपर्क किया। हड़ताल में 50 से अधिक विभागों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के अध्यक्ष संदीप सिंह पंवार और संयोजक इंजीनियर केपी सिंह ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर छह से 12 फरवरी तक हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। हड़ताल को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जन जागरण के लिए बाइक रैली निकाली गई। रैली अनेक विभागों में पहुंची और कर्मचारियों और अधिकारियों से हड़ताल में शामिल होने को कहा गया। उन्होंने बताया कि रैली आरटीओ कार्यालय, सिंचाई विभाग, कृषि प्रसार भवन बेरी बाग, उद्यान विभाग, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, व्यापार कर, उद्योग, आईटीआई, चकबंदी, राजस्व संग्रह, गन्ना भवन, विकास प्राधिकरण, कलक्ट्रेट आदि में पहुंची और कर्मचारियों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि कर्मचारी पूरी तरह एकजुट हैं। जनसंपर्क करने वालों में संदीप सिंह पंवार, सीपी सिंह, अशोक मलिक, राजीव यादव, रामकिशोर तोमर, आलोक कुमार, अनिल सुधा, गौरव, प्रमेश कुमार, विनोद कुमार, बिजेंद्र सिंह, अमित कुमार, राजवीर सिंह, सतेंद्र कुमार, संदीप कुमार, नेमपाल सिंह, आरपी कांबोज, सरदार सिंह, अमन कुमार, संदीप धामा, सुधीर कुमार, केपी सिंह आदि शामिल रहे।