हिंडन की सहायक नदी ढमोला में डाला जा रहा कचरा
सहारनपुर। ऐसे कैसे निर्मल और अविरल होगी हिंडन नदी, जब उसकी सहायक नदियां ही दूषित की जा रही हैं। हिंडन की सहायक ढमोला नदी के किनारे पर नगर निगम का कचरा डंपिंग ग्राउंड है, जहां एक एनजीओ द्वारा खाद बनाया जा रहा है। जबकि नियमानुसार नदी किनारे कचरा डंपिंग ग्राउंड नहीं होना चाहिए। आलम यह है कि कचरा धीरे धीरे ढमोला नदी में पहुंच रहा है, जिससे नदी में प्रदूषण बढ़ रहा है।
शहर के बीच से गुजरने वाली पांवधोई नदी और ढमोला नदी हिंडन नदी की सहायक नदियां हैं। पांवधोई ढमोला नदी में और ढमोला नदी गांव नदी के निकट पहुंचकर हिंडन में मिलती है। ऐसे में हिंडन नदी को साफ करने से पहले उसकी सहायक नदियों को साफ करना जरूरी है। पांवधोई नदी को साफ करने के लिए तो प्रशासन और नगर निगम मिलकर अभियान चला भी रहे हैं, मगर ढमोला नदी की लगातार अनदेखी की जा रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण लिंक रोड पर खाली पड़ा नगर निगम का बड़ा भूखंड है, जिसपर वर्षों से हजारों टन कचरा ढमोला नदी के किनारे पर डाला गया है, जिससे एक एनजीओ खाद बनाने का काम करता आ रहा है। जानकारों की मानें तो कचरा प्रबंधन या इस तरह का खाद बनाने का प्लांट लगाने के लिए जमीन किसी भी नदी और आबादी से दूर होनी चाहिए। मगर नगर निगम नदी किनारे और आबादी के बीच में ऐसा करा रहा है। कई निजी अस्पताल भी उक्त भूखंड के पास हैं। अब कई महीनों से नदी किनारे पर कचरे के साथ गोबर भी डाला जा रहा है, जिससे ढमोला नदी दूषित हो रही है। खास बात यह है कि ये सब स्मार्ट सिटी में हो रहा है।
---------
पुल के नीचे भी डाला जा रहा कचरा
विश्वकर्मा चौक के पास स्थित ढमोला नदी के पुल के नीचे कई दिन से नदी में कचरा डाला जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह-सुबह रेहड़ों से कचरा लागर कुछ लोग पुल की बगल में से नदी में उडेल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध भी किया है, मगर फिर भी कचरा नदी में डाला जा रहा है।
----
नगर निगम को भेजेंगे नोटिस
ढमोला नदी के किनारे पर नगर निगम द्वारा कचरा डलवाया जा रहा है। इस संबंध में कई बार बैठकें भी होती रही हैं। नगर निगम कचरा प्रबंधन के लिए जमीन मिलने के बाद नदी किनारे कचरा नहीं डालने की बात कहता आ रहा है। मगर कचरे की वजह से नदी दूषित हो रही है तो यह गंभीर मामला है। इस संबंध में नगर निगम को पत्र लिखकर जवाब मांगा जाएगा।-- एसआर मौर्य, क्षेत्रीय अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।
---
लिंक रोड पर ढमोला नदी के किनारे नगर निगम की जमीन है, जिस पर गीले कूडे से एनजीओ द्वारा खाद बनाने का काम कई साल से किया जा रहा है। वर्तमान में भारी मात्रा में कचरा फैला है, जिससे नगर निगम अच्छी तरह वाकिफ है। उक्त जगह से कचरा हटवाकर तथा मिट्टी डलवाकर एक हजार पौधे लगाने का निर्णय लिया है। दो से तीन महीने में उक्त भूखंड पर हरियाली नजर आएगी।-- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त।