सहारनपुर। इन दिनों स्वाइन फ्लू, बर्ड फ्लू और वायरल फीवर के फैलने का खतरा बना हुआ है, जिसको देखते हुए चिकित्सा विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी और पीएचसी में अलग से बेड की व्यवस्था और पर्याप्त दवाएं रखी गई हैं। कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे काम करेगा। साथ ही जन जागरूकता के लिए एडवाइजरी यानी सलाह जारी की गई है।
सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने सोमवार को बैठक कर चिकित्साधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इंफ्लुएंजा एच-1 और एन-1 की रोकथाम, उपचार और नियंत्रण के लिए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से आदेश जारी किए गए हैं, जिनका अनुपालन कड़ाई से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपदीय कंट्रोल रूम बना दिया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0132-2716204 है। जनपद स्तर पर टास्क फोर्स का गठन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कर लिया गया है, जिससे किसी भी आपात की स्थिति में विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जा सके। रेपिड रेस्पांस टीम का गठन जनपद स्तर एवं सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी किया गया है। एक सचल चिकित्सीय दल सीएमओ की अध्यक्षता में जरूरी स्टाफ और वाहन सहित गठन किया गया है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
-नाक का लगातार बहना और छींकें आना।
-कफ, कोल्ड और लगातार खांसी रहना।
-मांसपेशियों में दर्द और अकड़ होना।
-सिर में तेज दर्द होना।
-नींद न आना तथा अधिक थकान रहना।
- दवा खाने पर भी बुखार न टूटना।
- गले में खराश का बने रहना।
ऐसे करें बचाव
- सबसे पहले सरकारी अस्पताल या किसी अच्छे चिकित्सक से संपर्क करें।
- खांसी अथवा छींक के समय अपने चेहरे को टिश्यू पेपर से ढककर रखें।
- इस्तेमाल किए गए टिश्यू पेपर को नष्ट कर दें।
- अपने हाथों को किसी हैंड सैनीटाइजर द्वारा नियमित साफ करें।
- अपने आसपास हमेशा सफाई रखे।
- आराम करें और खूब पानी पीए।