सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ रोवर रेंजर्स शिविर संपन्न
छुटमलपुर (सहारनपुर)। पुवारंका स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में पिछले तीन दिन से चल रहे रोवर रेंजर शिविर का शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कुलबीर सिंह राणा ने छात्र-छात्राओं द्वारा दिखाई गई कला को अद्भुत बताते हुए कहा कि देश का भविष्य इन्हीं के द्वारा उज्ज्वल होता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वह शिविर में सीखी गई गतिविधियों का प्रचार प्रसार अन्य साथियों में भी करें। विशिष्ट अतिथि पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल देश और समाज हित के लिए करें। स्काउट कमिश्नर अनिल भारद्वाज और गाइड कमिश्नर दीपमाला चौधरी द्वारा प्रतिभागियों को सिखाए गए बेहतर क्रिया कलापों के प्रदर्शन को अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे डा. शरद कुमार भटनागर ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना का समावेश करते हैं। इस मौके पर राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य उषा रानी, डाक्टर मनीष ग्रोवर, रेंजर रोवर प्रभारी डा नितिन चौधरी, रेंजर प्रभारी अनामिका सक्सेना, प्रोफेसर अर्चना, प्रोफेसर पूर्णिमा, अमित पंडित आदि काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।