अवैध खनन में नो वाहन सीज किए
सहारनपुर। अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार रात में अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान आठ ट्रक तथा एक डंपर पकड़ा गया, जिनमें अवैध रूप से खनन कर सामग्री लाई जा रही थी। पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम तथा खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने अवैध खनन करने वालों तथा ओवरलोडिंग कर खनन सामग्री ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया था। शुक्रवार रात में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान थाना सरसावा पुलिस ने सत्संग भवन के पास अंबाला रोड से मनोहरलाल पुत्र देवी दयाल निवासी गिल कालोनी समराला रोड थाना खन्ना जनपद लुधियाना (पंजाब), कुलदीप पुत्र अमरसेन निवासी ग्राम देवीनगर थाना जोलका जनपद पटियाला (पंजाब), सोनू पुत्र जगदेव सिंह तथा कंवरपाल पुत्र जगदेव सिंह निवासी ग्राम माधोपुर थाना नानौता को गिरफ्तार कर चार ट्रक सीज किए। चारों ट्रकों में खनन कर रेत और डस्ट लादकर लाया जा रहा था, जबकि रॉयल्टी की पर्ची इनके पास नहीं थी।
वहीं, थाना कोतवाली देहात पुलिस ने ग्राम हलालपुर में नहर पुल के पास से रमजान पुत्र मो. हनीफ निवासी सुल्तानपुर थाना चिलकाना (सहारनपुर) को गिरफ्तार कर डंपर सीज किया, जिसमें बगैर रॉयल्टी पर्ची के ओवरलोड रेत लादकर लाया गया था।
उधर, थाना सदर बाजार पुलिस ने हसनपुर तिराहे से वरीश पुत्र इदरीश निवासी पावटी थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर, वाकिब पुत्र जमील निवासी धलापड़ा थाना गंगोह और नफीस पुत्र अंसार निवासी तल्हेड़ी बुजुर्ग थाना देवबंद को गिरफ्तार किया।
वहीं, थाना सदर बाजार पुलिस ने आईटीसी रोड हसनपुर से कामिल पुत्र परवेज निवासी शेखपुरा थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना कुतुबशेर पुलिस ने अंबाला रोड पर बड़ी नहर के पास से सरवर अली पुत्र फैजान निवासी ग्राम पांडोली थाना नागल, सचिन पुत्र राजेंद्र निवासी महमूदपुर थाना यमुनानगर सदर हरियाणा को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा रहा।