यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू
सहारनपुर। यूपी बोर्ड की सत्र 2018-19 की परीक्षाओं की कार्यक्रम घोषित होते ही परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। केंद्रों से संबंधित तमाम जानकारी को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। केंद्रों को लेकर 20 सितंबर तक आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कंप्यूटर द्वारा आनलाइन कराने के लिए विद्यालयों से संबंधित आधारभूत सूचनाएं सत्यापित कर परिषद की वेबसाइट यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन पर अपलोड कर दी गई हैं। जनपद में संचालित किसी भी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को यदि कोई भी आपत्ति है तो वह 20 सितंबर तक संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर मंडल के कार्यालय में लिखित रूप में दर्ज करा सकते हैं। 20 सितंबर के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।