बिहारीगढ़। घाड़ क्षेत्र सहित शिवालिक की पहाड़ियों पर मंगलवार की शाम हुई जोरदार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इसी दौरान बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खुशहालीपुर में अपने खेत से लौट रहे एक किसान की गांव के पास बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। रात भर परिजनों ने उसकी इंतजार देखी, लेकिन उसका पता नहीं चला।
गांव का 48 वर्षीय किसान चरण सिंह पुत्र सुरजा शाम अपने खेत से गांव लौट रहा था। इसी दौरान वह किसी वक्त पानी की जद में आ कर बह गया। बुधवार की सुबह होने पर चरण सिंह का शव पानी की टंकी के पास झाड़ियों में फंसा मिला । इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव की शनाख्त कराई। उसके बाद पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर भिजवाया। किसान की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है।