प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद हुई जनाजे की नमाज
देवबंद। राज्जुपुर गांव में जनाजे की नमाज के स्थान को लेकर विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ताला खुलवा कर वहां साफ सफाई हुई और जनाजे की नमाज भी अदा कराई गई, लेकिन फिर से उक्त स्थान पर ताला लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष पनप गया है।
राज्जुपुर गांव में जामा मस्जिद के सामने स्थित जनाजे की नमाज अदा करने वाले स्थान पर अवैध कब्जा करने को लेकर मदरसे के जिम्मेदार और ग्रामीणों में विवाद चल रहा है। 2 जुलाई को ग्रामीणों ने पंचायत कर चेतावनी दी थी कि यदि प्रशासन इसमें कोई कार्रवाई नहीं करता तो लोग खुद उक्त स्थान को कब्जामुक्त कराने का काम करेंगे। जिसके बाद अधिकारियों के आदेश पर कानूनगो व राज्जुपुर चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंच कर उक्त स्थान का ताला खुलवाया और साफ सफाई कराने के बाद वहां जनाजे की नमाज अदा कराई गई। साथ ही दोनों पक्षों में यह तय करा दिया था कि सुरक्षा की दृष्टि से यहां एक ताला लगा दिया जाएगा जिसकी एक-एक चाबी दोनों पक्षों के पास रहेगी। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जा करने वाले व्यक्ति इस पर सहमत नहीं हुए और 6 जुलाई की रात उन्होंने विवादित स्थान पर फिर से ताला लगा दिया। जिसको लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और इसकी वजह से टकराव के हालात बने हुए हैं।