सहारनपुर। जिले में पिछले 24 घंटों में खूनी सड़कों ने नौ जिंदगियों को निगल लिया। सरसावा के बाद मंगलवार को नानौता में कार सवार चार और लोग मौत के मुंह में समा गए। तीनों हादसे ओवरटेक करते समय हुए हैं। स्पीड अधिक होने के कारण चालक वाहनों पर कंट्रोल नहीं कर सके। नतीजा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सोमवार रात पहला हादसा सरसावा के ग्राम कुम्हारहेड़ा में हुई। जहां ओवरटेक करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बराबर में चल रहे आटो पर पलट गई। जिसमें पिता और पुत्र समेत चार की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर फिर नानौता में ओवरटेक करने के दौरान कार सामने आ रहे ट्रक से टकरा गई। जिसमें गाजियाबाद और शाहदरा दिल्ली के परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। चिलकाना में भी एक युवक की जान दूसरे वाहन से आगे निकलने की जल्दी में गई है।
रात के अंधेरे में चीखों से गूंजता रहा सहारनपुर-नकुड़ रोड
सरसावा। ग्राम कुम्हारहेड़ा के पास सोमवार की रात दस बजे हुई भीषण दुर्घटना से सहारनपुर-नकुड़ रोड घायलों की चीखों से गूंज उठा। लोग जब तक मदद को पहुंचते, तब तक पिता-पुत्र समेत चार जिंदगियां मौत के मुंह में समा चुकी थीं।
सरसावा में सोमवार रात करीब 10 बजे नकुड़ की ओर से सवारियों से भरा एक टेंपो सहारनपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही टेंपो ग्राम कुम्हारहेड़ा के समीप पहुंचा तो पीछे से खाली ट्रैक्टर ट्राली लेकर आ रहे चालक ने टैंपो को तेजी से ओवरटेक किया। इसी बीच सहारनपुर की ओर से ग्राम ढकदेई निवासी जोगेंद्र पुत्र बाल सिंह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। अचानक सामने आयी बाइक को देखकर ट्रैक्टर चालक घबरा गया और ट्रैक्टर को ब्रेक लगा दिए। तेज गति होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गयी और टेंपो तथा बाइक को घसीटते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। दोनों वाहन ट्राली के नीचे दब गए। टेंपो की सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। हादसे के करीब आधा घंटे बाद उधर से गुजर रहे एक राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। भीषण हादसे की जानकारी मिलने पर सरसावा नकुड़ तथा कुतुबशेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने ग्राम ढकदेई निवासी जोगेंद्र, सहारनपुर के आईटीसी रोड निवासी भंवर सिंह तथा उनके पुत्र रामनाथ एवं शिवपुरी कालोनी निवासी गोपाल को मृत घोषित कर दिया। सरसावा थानाध्यक्ष यशपाल धामा ने बताया कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। मृतक जोगेंद्र के चाचा ढकदेई निवासी देशराज की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
------------
-- लोग वीडियो बनाते रहे, घायल चीखते रहे
सरसावा। कुम्हारहेड़ा गांव के निकट रात हुई दुर्घटना के बाद चीखें सुनकर लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। मौके पर स्थिति को देखकर लोग कांप उठे। पुलिस को फोन कर सूचना दी, लेकिन ट्राली के नीचे दबे घायलों को निकालने की बजाय अपने-अपने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में लग गए, जबकि घायल ट्राली के नीचे दबे चीखते रहे। बाद में पुलिस ने लोगों से मदद लेकर ट्राली को हटवाकर घायलों को निकाला।
----------
-- सड़क हादसे रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं
सड़कों पर गति पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन के पास कोई व्यवस्था नहीं है। एक के बाद एक कई दुर्घटनाएं हो चुकीं हैं। न तो इन सड़कों पर संकेतक ही लगे हुए हैं और न ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र के जिले में बोर्ड ही लगे हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्राली सड़कों पर तेज गति से दौड़ रही हैं। वाहनों की स्पीड पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस के पास न तो संसाधन है और न कोई योजना।
--------
हादसे में झबरेड़ा का बाइक सवार घायल
ननौता। कचराई गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। झबरेड़ा निवासी साहिल मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर देवबंद से नानौता की तरफ आ रहा था। कचराई गांव के पास ट्रक की टक्कर से साहिल गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भागने में सफल हो गया।