मतगणना स्थल की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
सहारनपुर। मतगणना स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार को वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। मतगणना को देखते हुए अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक यातायात विनीत भटनागर ने बताया कि जनता रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम पर कैराना लोकसभा उप चुनाव में दो विधानसभाओं गंगोह एवं नकुड़ के वोटों की मतगणना होगी। रूट डायवर्जन बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से लागू हो जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में डायवर्जन व्यवस्था कड़ाई से लागू कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मतगणना के लिए आने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई है। प्रभारी यातायात को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक डायवर्जन, पार्किंग स्थलों पर यातायात कर्मियों को नियुक्त कर समय से यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करेंगे।
यह रहेगा रूट डायवर्जन
1- बरौली की ओर से आने वाले वाहन बरौली से कलसिया होकर कोतवाली देहात के सामने से सहारनपुर आएंगे।
2- चौकी राकेश केमिकल की ओर से किसी प्रकार का भारी वाहन / व्यवसायिक वाहन जनता रोड की ओर नहीं जाएगा।
3- नुमाइश कैंप की ओर से किसी भी प्रकार का व्यवसायिक वाहन जैसे टैंपो, ई-रिक्शा, पिक-अप राकेश केमिकल की ओर नहीं जाएंगे। यह सभी वाहन भारत माता चौक से पहलवान पीर की ओर निकाले जाएंगे।
4- जनता रोड से वेयर हाउस की ओर और पुवांरका की ओर से वेयर हाउस मार्ग पर आने व जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिये बंद किया गया है।
यहां रहेगी पार्किंग
1- मतगणना अभिकर्ताओं / राजनैतिक प्रतिनिधियों के सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग महाराज सिंह कॉलेज क्रीड़ा स्थल में की जाएगी। यहां से वेयर हाउस की ओर पैदल आवागमन होगा।
2- मतगणना कर्मियों एवं संबंधित कर्मचारियों के समस्त प्रकार के वाहनों की पार्किंग वेयर हाउस के सामने मार्बल स्टोर के पीछे की जाएगी।