सहारनपुर। महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन लगातार रद्द होने के कारण यात्रियों की मुसीबत बढ़ रही है। दिल्ली, अंबाला और लखनऊ के रूटों पर यात्रा करने वाले लोग बसों की ओर रुख करने लगे हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी ने भी यात्रियों को बसों की ओर रुख करने पर मजबूर कर दिया है।
सहारनपुर से होते हुए जालंधर और दिल्ली के बीच चलने वाली सुपर मेल एक्सप्रेस सहारनपुर के लिए महत्वपूर्ण ट्रेनों में से एक है। यह ट्रेन एकमात्र ऐसी ट्रेन है जो सुपर मेल एक्सप्रेस होते हुए भी इसमें सभी सीटें सामान्य हैं। दिल्ली की ओर जाने के लिए सुबह सवा सात बजे के बाद शाम चार बजे के बीच रोजाना चलने वाली एकमात्र ट्रेन थी। यह ट्रेन पिछले साल दिसंबर से कैंसिल कर दी गई। बताया गया कि दिसंबर में दिल्ली के प्लेटफार्म पर मरम्मत का काम चलने के कारण इस ट्रेन का संचालन रद्द किया गया था। छह माह पूरे होने को आए, लेकिन अभी तक इस ट्रेन का संचालन शुरू नहीं कराया जा सका। इस ट्रेन को 22 जून तक के लिए रद्द किया गया है। सिर्फ यही नहीं लखनऊ की ओर जाने वाले एकमात्र पैसेंजर ट्रेन 54272 सहारनपुर-लखनऊ पैसेंजर भी रद्द होने के बाद से अब तक पटरी पर नहीं आ सकी। इस ट्रेन को सितंबर 2017 में रद्द किया गया था। उसके बाद पिछले माह एक सप्ताह के लिए संचालन किया गया। लेकिन बाद में फिर रद्द कर दी गई। यह ट्रेन 28 मई तक रद्द की गई है। इस ट्रेन से छोटे स्टेशनों की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन यात्रियों ने बसों की ओर रुख किया है। बताया जा रहा है कि महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन न होने से 15 प्रतिशत यात्री बसों की ओर रुख कर चुके हैं। कैंसिल ट्रेनों के अलावा कई ट्रेनें ऐसी है, जो अभी तक सहीं समय पर नहीं आ रही है। इनमें अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनें हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कई जगह रेलवे ट्रैक पर कार्य चल रहा है कुछ जगह रेलवे स्टेशन पर कार्य चल रहा है। जिस कारण कुछ ट्रेेनों का संचालन निरस्त कर दिया गया है। जो ट्रेनें लेट चल रहीं हैं उनको समय की पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।