सहारनपुर। रेलवे कर्मचारियों को अब हिंदी का पाठ पढ़ाया जाएगा। हिंदी शब्दावली का ज्ञान कराने के लिए रेलवे अधिकारी सहारनपुर पहुंचेंगे और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की क्लास लेंगे। जिससे लोगों की सुविधा के लिए रेलवे का अधिकांश कार्य हिंदी में किया जा सके।
सहारनपुर रेलवे जंक्शन पर हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ही कार्य किया जा रहा है। उद्घोषणा भी दोनों ही भाषाओं में की जा रही है। लेकिन अब रेलवे द्वारा हिंदी पर अधिक जोर दिया जा रहा है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी की रेलवे संबंधी शब्दावलियों से अवगत कराया जाएगा। ए श्रेणी के सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर हिंदी और अंग्रेजी में होने वाले कार्यों की समीक्षा की जाएगी। रेल अधिकारी, कर्मचारी अपनी मातृभाषा हिन्दी में अधिक काम करें, इसी का प्रयास किया जा रहा है।
--। 22 मई को पहुंचेंगे अधिकारी
अधिकारियों और कर्मचारियों को रेलवे संबंधी हिंदी शब्दावलियों की जानकारी देने के लिए रेलवे सदस्य 22 मई को खानआलमपुरा यार्ड में पहुंचेगी। यहां हिन्दी भाषा को लेकर एक मीटिंग रखी गई है। मीटिंग में रेल अधिकारियों-कर्मचारियों को बुलाया गया है। यहां रेल अधिकारियों-कर्मचारियों को हिन्दी के बारे में समझाया जाएगा।
--। हिंदी में कार्य को दी जाएगी प्राथमिकता
वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि 22 मई को हिन्दी भाषा के लिए एक मीटिंग आयोजित होनी है। मीटिंग का मुख्य उद्देश्य यह कि रेलवे में कितने काम हिन्दी में और कितने अंग्रेजी में हो रहे है। दोनों भाषाओं की समीक्षा होनी है। प्राथमिकता है कि रेलवे में अधिकतर काम हिन्दी में कराएं जाएं।