प्राधिकरण ने सील किए तीन अवैध निर्माण
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को जनता रोड, चिलकाना रोड और कलसिया रोड पर हुए तीन अवैध निर्माणों पर सील की कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम पुलिस बल को साथ लेकर पहुंची थी, जिसकी वजह से विरोध नहीं हो सका।
प्राधिकरण सचिव डीपी सिंह ने बताया कि चिलकाना रोड पर हलालपुर के पास जयवीर के द्वारा भूतल पर एक दुकान का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर कोई स्वीकृति नहीं दिखाई गई। निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार सील करने की कार्रवाई की गई। कलसिया रोड पर भूतल पर दो दुकानों का निर्माण किया गया था। मौके पर कोई स्वीकृति नहीं दिखाई गई, जिसके बाद निर्माण को सील करने की कार्रवाई की गई है। जनता रोड पर कांता रानी पत्नी शेर सिंह के द्वारा भूतल पर एक दुकान का निर्माण किया गया है। मौके पर कोई स्वीकृति नहीं दिखाई गई। वीसी के निर्देश पर उक्त भवन को सील किया गया है। तीनों सील की गई दुकानें संबंधित थानों की अभिरक्षा में रहेंगी। उधर, वीसी मनोज कुमार का कहना है कि शहर भर में अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जा रहा है। अवैध निर्माणों पर जल्द ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जाएगी।