सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी के पास फड़ लगाकर फल बेचने वालों को नगर निगम ने शहरी पथ विक्रेता प्रमाण पत्र जारी किए हुए हैं। इसके बावजूद नगर निगम की टीम ने बिना कोई पूर्व सूचना दिए या नोटिस जारी किए शुक्रवार को अचानक से जेसीबी से उनके फड़ हटाने शुरू कर दिए। इसे लेकर फल विक्रेताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को खूब खरी खोटी सुनाई। अधिकारियों और फल विक्रेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को निगम की टीम जेसीबी लेकर दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी के पास पहुंची। यहां सड़क पर फड़ (थडे़) लगाकर फल बेचने वालों को टीम ने बिना कुछ कहे जेसीबी से फड़ हटाने शुरू कर दिए। अनेक विक्रेताओं के फल बिखर गए, जिनमें से ज्यादातर फल नष्ट हो गए। जिसके विरोध में फल विक्रेता इकट्ठा हो गए और विरोध शुरू कर दिया। फल विक्रेता मशरूर का कहना था कि उन्हें नगर निगम ने प्रमाण पत्र जारी किए हुए हैं, जिसका वह शुल्क भी जमा कराते आ रहे हैं। इसके बावजूद उनको बिना कोई पूर्व सूचना दिए या नोटिस जारी किए अचानक से उनके माल पर जेसीबी चलाना गलत है। यदि नगर निगम एक या दो दिन पहले नोटिस जारी करता या मुनादी कराता तो वह खुद ही अपने फड़ हटा लेते। इस दौरान नगर निगम की टीम और फल विक्रेताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसकी वजह से दिल्ली रोड पर जाम लग गया। नगर निगम की टीम ने फल विक्रेताओं की एक नहीं सुनी और टीम अपना काम कर लौट गई।
निगम और पुलिस को देते हैं पैसा फिर क्यों तोड़ा
फड़ हटाए जाने से नाराज फल विक्रेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। फल विक्रेता फरमान का कहना था कि वह नगर निगम में शुल्क जमा कराते हैं। आरोप लगाया कि पुलिस भी उनसे वसूली करती है। इसके बावजूद उनके फड़ तोड़े जा रहे हैं। गौरतलब है कि फल विक्रेताओं के फड़ डीआईजी आवास की दीवार से सटे हुए हैं।
नगर निगम ने दिल्ली रोड की केवल एक साइड के लिए फड़ लगाने के लिए अनुमति दी हुई है, मगर दोनों ओर फड़ लगाए जा रहे हैं, जिसकी वजह से दिल्ली रोड पर दिनभर जाम रहता है। सब्जी मंडी में भी लोगों के पास अपनी दुकान होने के बावजूद उन्होंने सड़क पर 15 से 20 फुट तक अतिक्रमण किया हुआ है। जिसे हटाने के लिए टीम पहुंची थी। रही बात नोटिस भेजने की तो अस्थाई अतिक्रमणकारियों की कोई सूची या नाम नगर निगम के पास नहीं होते। ऐसे में उन्हें नोटिस भेजने का प्रावधान नहीं है।
- गौरव वर्मा, नगरायुक्त।
समाचार संख्या 13 का जोड़
फल विक्रेताओं के समर्थन में पहुंचे इमरान
सहारनपुर। नगर निगम की टीम द्वारा दिल्ली रोड पर फल विक्रेताओं के थड़े तोड़े जाने की सूचना के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फल विक्रेताओं का पक्ष लेते हुए नगर निगम के अधिकारियों के सामने विरोध जताया। उनका कहना था कि नगर निगम थड़े हटाने से पहले फल विक्रेताओं को जगह मुहैया कराए। यदि इस तरह से लोगों को बेरोजगार किया जाएगा तो उनके परिवारों के पेट कहां से पलेंगे। ऐसे में नगर निगम को चाहिए कि वह पहले वेंडिंग जोन बनाकर फल और सब्जी विक्रेताओं को जगह मुहैया कराए।