नकुड़ (सहारनपुर)। राशन डीलर पर विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत कर धांधलेबाजी करने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं ने आपूर्ति कार्यालय पर जमकर नारेबाजी कर धरना दिया। आपूर्ति निरीक्षक द्वारा फोन बंद कर लेने से गुस्साये उपभोक्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर जमकर हंगामा काटा। उन्होंने आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है।
शुक्रवार को नयागांव के ग्राम प्रधान राजकुमार के नेतृत्व में पीतमसिंह, नारायण सिंह, सलीम, महबूब, रहीशा, राजपाल, ओमप्रकाश, हासिम, याकूब, हरिसिंह, राजकुमार, दिलशाद, प्रेमो, खुर्शीद, दिलशाद आदि नयागंाव के सैकड़ों ग्रामीण दोपहर करीब ग्यारह बजे तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। ग्रामीण एसडीएम अमित आसेरी से मिलने के लिए उनके कार्यालय पर पहुंचे, परंतु एसडीएम वहां मौजूद नहीं थे। उसके बाद ग्रामीण आपूर्ति कार्यालय पर एकत्रित हो गए। परंतु वहां आपूर्ति निरीक्षक भी नदारद थे। ग्रामीणों का आरोप था कि उन्होंने फोन पर आपूर्ति निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया तो आपूर्ति निरीक्षक ने फोन बंद कर लिया। जिससे ग्रामीणों का गुस्सा ओर भी बढ़ गया। उन्होंने आपूर्ति कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आपूर्ति विभाग की मिली भगत से ही गांव का राशन विक्रेता गांव में राशन नहीं बांट रहा है। आरोप लगाया कि राशन डीलर मिट्टी तेल, चीनी, गेंहु व चावल का ख्ुालेआम कालाबाजारी करता है। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने एसडीएम से लेकर डीएम व सीएम तक शिकायतें की पंरतु आपूर्ति विभाग की मिलीभगत के चलते सारी शिकायतें दबकर रह जाती हैं। आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कोई कार्रवाई नही होती। नाराज ग्रामीण आपूर्ति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गये। कुछ देर बाद एसडीएम अमित आसेरी भी मौके पर पहुंच गए तथा एसडीएम के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।