ट्रक से कुचल कर बाइक सवार दो युवकों की मौत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। कस्बे के घास मंडी तिराहे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सोमवार की सुबह 11 बजे रुड़की रोड की तरफ से आ रहे बाइक सवार इकराम (18) पुत्र शौकत और आदिल (19) पुत्र लियाकत निवासीगण अमीरपुर उर्फ नारायणपुर थाना मंडावर ग्रामीण जिला बिजनौर ओवरटेक करते वक्त गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गए। पहियों के नीचे कुचले जाने से दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग खड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसका नंबर पुलिस को बता दिया। इसके बाद फतेहपुर पुलिस ने पीछा कर ट्रक को चालक सहित पकड़ लिया। पकड़ा गया चालक प्रदीप पुत्र सेवाराम निवासी गांव तोता टांडा थाना बिहारीगढ़ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो शवों का पंचनामा भरवाया। एसओ भानू प्रताप सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई थी लेकिन वे शाम तक थाने नहीं पहुंचे थे। उनके आने के बाद तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।