सहारनपुर। गंगोह के बीएसएफ के जवान अजय के परिजनों ने पुलिस उत्पीड़न के मामले की शिकायत सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पर पहुंचकर सैनिक बंधुओं से की और निस्तारण कराए जाने की मांग की।
शनिवार को रेलवे रोड स्थित सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों के आश्रितों की समस्याओं के निराकरण के लिए सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बैठक की गई। जिसमें गंगोह निवासी सरदारा सिंह एवं अन्य परिजनों ने पहुंचकर पुलिस उत्पीड़न की शिकायत की। उन्होंने कहा कि लेखपाल की छोटी सी शिकायत पर पुलिस ने 80 साल की उम्र में उनके साथ मारपीट की और उन्हें हत्या के प्रयास के आरोप में जेल भेज दिया। पूरी जिंदगी में उन पर कोई धब्बा नहीं लगा और उम्र के इस पड़ाव में आकर उन्हें पुलिस की यातनाएं झेलनी पड़ रहीं हैं। उन्होंने न्याय दिलाए जाने की मांग की।
बैठक में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के पदाधिकारियों ने पूर्व सैनिकों एवं सैनिक आश्रितों की समस्याओं से सिटी मजिस्ट्रेट को अवगत कराया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं सैनिक आश्रितों की समस्याओं का निस्तारण के लिए प्रशासन पूरा प्रयास कर रहा है।
बैठक में बताया गया कि उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार से मिलने वाली सभी प्रकार की आर्थिक सहायताएं, पेंशन सहित आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक की गई हैं। भूतपूर्व सैनिकाें के कैंटीन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया गया। इसके फार्म 28 फरवरी तक ऑनलाइन भरे जाएंगे। भूतपूर्व सैनिकों के ईसीएचएस बनाने के लिए भूमि रिमाउंड ट्रेनिंग स्कूल एवं डपोट में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बैठक में जयवीर सिंह, समर सिंह, राजेश, हरबीर सिंह, कृष्णपाल सिंह, शकीला बानो, चंद्रप्रभा, आबदा बेगम, प्रकाशी देवी, प्रेमलता समेत अनेक लोग मौजूद रहे।