सहारनपुर। दौराला और खतौली के बीच रेलवे ट्रैक पर कार्य कराए जाने के चलते पांच दिन तक मेरठ-सहारनपुर के बीच रेल यातायात अवरुद्ध रहेगा। रोजाना लगभग चार घंटे का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जबकि कुछ को रास्ते में ही रोक दिया जाएगा।
दौराला-सकौती-खतौली के बीच रेलवे ट्रैक पर 14 जनवरी से कार्य शुरू होने जा रहा है। यह कार्य 19 जनवरी तक चलेगा। इन पांच दिनों में पूर्वाह्न 11.20 बजे से लेकर अपराह्न 3 बजे तक रोजाना ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक होने से कुछ ट्रेनों के रूट बदले दिए गए और कुछ ट्रेनों को बीच में रोका जाएगा। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस ब्लॉक के चलते गाड़ी संख्या 14511 दिल्ली-अंबाला कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस, 14401 आनंद विहार-श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस एवं 64559 दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर कैंसिल रहेगी। 14511 नौचंदी एक्सप्रेस मेरठ-सहारनपुर के बीच कैंसिल रहेगी। 54304 कालका-दिल्ली पैसेंजर भी सहारनपुर में कैंसिल रहेगी, जबकि 14317 इंदौर-देहरादून कोच्चि एक्सप्रेस रूट बदल कर चलेगी। यह ट्रेन वाया शामली से गुजारी जाएगी। 64562 अंबाला-दिल्ली पैसेंजर सहारनपुर तक चलेगी। 54472 ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर सहारनपुर से आगे नहीं जाएगी। इस रूट पर ब्लॉक रहने के वलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यात्री कोहरे के चलते ट्रेनों में हो रही देरी से पहले मुसीबत झेल रहे हैं। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह का कहना है कि 14 से 19 जनवरी तक दौराला-सकौती-खतौली के बीच काम होना है, इसलिए कुछ ट्रेनें कैंसिल रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्री जानकारी लेकर ही ट्रेनों में सफर करें।