गन्ना भुगतान में फिसड्डी साबित हुई सरकार : त्यागी
बड़गांव। भारतीय किसान संघ के गन्ना प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्यामबीर त्यागी ने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना भुगतान में फिसड्डी साबित हुई है। किसानों को उधार खाद नहीं मिल रही है जबकि नगद पैसा उनके पास नहीं है। किसान गन्ना भुगतान के बिना पूरी तरह से आर्थिक तंगी झेल रहा है।
चंदपुर गांव में हुई बैठक में श्यामबीर त्यागी ने कहा कि चौदह दिन के तौल हुए गन्ने का भुगतान चालीस दिन में भी नहीं हो रहा है। किसानों को गन्ने की अगली बुआई के लिए बीज, खाद व दवाईयों की अब जरूरत है। लेकिन सहकारी समितियां जो अभी तक उधार खाद देती थीं, अब वह भी नगद ही खाद दे रही हैं। जिला मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि बेहट में अवैध खनन को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उजागर कर दिया तो बेहट पुलिस ने उन पर गलत आरोप मढ़ दिए। प्रांतीय महामंत्री हरवीर सिंह ने प्रदेश सरकार से सहकारी समितियों में खाद उधार दिलाने की मांग की।
धर्मेंद्र पुंडीर ने कहा कि भाकिसं का जिला सम्मेलन 10 जून को कल्लरपुर राजपूत में होगा। इसमें जिला कार्यकारिणी का चुनाव किया जायेगा। कंवरपाल चौहान, खचेडू सिंह, रूप सिंह, राजपाल सिंह, तेजपाल सैनी, सतीश सैनी सहित काफी किसान मौजूद रहे। अध्यक्षता सतपाल सैनी और संचालन अजीत सिंह ने किया।