सहारनपुर। जिले के कलाकार इनामुलहक की फिल्म फिरंगी शुक्रवार को रिलीज होगी। इस फिल्म में इनामुलहक कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के साथ महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर जिले के लोगों में भारी उत्साह है।
इप्टा के संरक्षक सरदार अनवर ने बताया कि इससे पूर्व इनामुलहक फिल्म फिराक, फिल्मिस्तान, एयरलिफ्ट, जॉली एलएलबी-2 और लखनऊ सेंट्रल में बेहतरीन अभिनय कर बॉलीवुड में पहचान बना चुके हैं। उनकी कामयाबी पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। फिरंगी फिल्म की कहानी आजादी की लड़ाई की पृष्ठभूमि में 1920 के माहौल और उस समय के किस्सों पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन राजीव धींगरा ने किया और निर्माता कपिल शर्मा हैं। इनामुलहक के भाई अब्दुल हक ने बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से प्रशिक्षित इनामुलहक को 2014 में रिलीज हुई फिल्म फिल्मिस्तान के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के कई अवार्ड प्राप्त कर चुके हैं। काशिफ सिद्दीकी, निमीष भटनागर, राजीव सिंघल, विजेश जोशी, शराफत खान, पवन शर्मा, सतनाम सिंह, खालिद हसन, ब्रज मोहन कश्यप, योगेश शर्मा, विजयपाल शर्मा, अशोक वर्मा, जावेद खान सरोहा, मो. यूनुस, विक्रांत जैन ने इनामुलहक के लिए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।