सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रस्ताव तैयार करने में जुटे सहारनपुर को प्रस्ताव को और दुरुस्त करने का मौका मिला है। जी हां! तीसरे चरण के लिए तैयार किया गया प्रस्ताव 30 अक्तूबर को लखनऊ में प्रस्तुत किया जाना था, मगर अचानक से डेट बदल दी गई। अब यह प्रस्ताव पूरे एक महीने बाद 30 नवंबर को प्रस्तुत किया जाएगा।
योजना के दो चरणों में विफल होने के बाद सहारनपुर तीसरे चरण के प्रस्ताव को तैयार करने में जुटा है। अभी तक तैयार किए गए प्रस्ताव में शहरवासियों के रहन-सहन से लेकर वुडकार्विंग उद्योग की स्थिति, होजरी उद्योग की स्थिति और अन्य व्यवसायिक क्षेत्रों को जोड़ा गया है। इन सबके बावजूद शहरवासियों की प्रति व्यक्ति आय कितनी है। यह महत्वपूर्ण बिंदु है। लोग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितने गंभीर हैं। इसको प्रमाण सहित जोड़ा जा रहा है। कितने प्रतिशत लोग तमाम तरह के टैक्स चुका रहे हैं। यह भी एक प्वाइंट है। निगम की टीम शहर के हर आयु वर्ग के लोगों से सलाह ले रही है कि स्मार्ट सिटी के तहत शहर का किस तरह का विकास किया जाए। चूंकि प्रस्ताव 30 अक्तूबर को प्रस्तुत किया जाना था। ऐसे में सहारनपुर ने लगभग तैयारी पूरी कर ली थी, मगर अचानक से प्रस्ताव प्रस्तुत करने की तिथि बदलकर 30 नवंबर कर दी गई है। नोडल अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि अब प्रस्ताव 30 नवंबर को प्रस्तुत होगा। ऐसे में हमें अपने प्रस्ताव को और बेहतर बनाने की मौका मिल गया है।