अंबेहटा (सहारनपुर)। बिड़वी शुगर मिल को चलाने व गो चरागाह की भूमि को खाली कराने की मांग को लेकर किसान हित एवं गो सेवा सेवा समिति से जुडे़ किसानों ने बृहस्पतिवार को बैठक का आयोजन कर मिल के प्रबंधक को इस विषय में ज्ञापन दिया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान बिड़वी मिल पर इकट्ठा हुए। किसान हित एवं गो सेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी कृष्णकांत उर्फ बिट्टू ने कहा कि बिड़वी मिल को चलवाने के लिए किसान कई वर्षों से संघर्षरत है परंतु चड्ढा ग्रुप इस दिशा में गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि मिल बंद हो जाने से करीब 15 हजार किसान भूखमरी के कगार पर आ गए हैं। ऐसे में जरूरी है कि मिल को चालू कराने की प्रक्रिया शुरू की जाये। अमर सिंह प्रधान ने मांग रखी कि चड्डा ग्रुप के कब्जे में 250 बीघा गो चरागाह की भूमि को कब्जा मुक्त कराकर मिल चलाने की प्रक्रिया को दस दिन के भीतर शुरू करे अन्यथा किसान बड़े आंदोलन को बाध्य होंगे। बैठक की अध्यक्षता सुरेश बाकरवाला व संचालन अनूप सिंह ने किया। बैठक में सुभाष चौधरी, सुधीर कुमार, शिवचरण, अंकुश चौधरी, सोनू, महेंद्र सिंह, सूरज, संजय, किरत सिंह, दिनेश, कालूराम, भूप सिंह, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।