सहारनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विमल विरमानी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा थोपी गई ई वे बिल व्यवस्था जीएसटी की मूल भावना के खिलाफ है। जीएसटी में एक देश एक कर का प्रावधान किया गया है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों की भी घोषणा की।
शनिवार को जीपीओ रोड स्थित एक सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारा संगठन जीएसटी की विसंगतियों पर पिछले छह महीने से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में मंडी शुल्क को भी समाहित करना चाहिए। उन्होंने जीएसटी में सजा के प्रावधान पर भी रोष जताते हुए कहा कि चेकिंग के नाम पर इंस्पेक्टर राज का विरोध किया जाएगा। व्यापारी नेता ने कहा कि व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन हमारे संगठन की मांग पर ही हुआ है। उन्होंने महानगर इकाई में महानगर अध्यक्ष प्रेम सागर ग्रोवर, पंकज कालड़ा को महामंत्री, अनित गर्ग को प्रभारी और सरदार गुरदीप सिंह मोंटी को कोषाध्यक्ष बनाया है। जबकि जिला संगठन की युवा इकाई में सिराज हसन फारूखी को जिलाध्यक्ष, प्रवीण गोयल को महामंत्री और मोहम्मद अरशद को कोषाध्यक्ष नामित किया गया है।