बिजली कनेक्शन कटा, पानी को तरसे चंदेना कोली के लोग
देवबंद (सहारनपुर)। चंदेना कोली में विद्युत निगम द्वारा जल निगम की टंकी का कनेक्शन काट दिए जाने के चलते ग्रामीण भीषण गर्मी में पानी को तरस गए हैं। पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से लोगों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश हैं।
पिछले करीब आठ दिन से चंदेना कोली में जल निगम की टंकी से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। ग्रामीण सुदेश शर्मा, अजय कुमार, नित्यानंद शर्मा, प्रमोद शास्त्री, योगेंद्र, ब्रिजेश शर्मा, श्रीनिवास शर्मा, सुभाष, ललित, मास्टर सेवाराम आदि ने बताया कि गांव में लगे हैंडपंपों का पानी दूषित हो चुका है। इस पानी के सेवन से लोग उलटी दस्त समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। यदि टंकी से पेयजल की आपूर्ति को जल्द बहाल नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में तहसील दिवस में शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से समस्या के त्वरित समाधान की मांग की है। बिजली विभाग के एसडीओ अमित त्यागी ने बताया कि जल निगम की टंकी का कनेक्शन ग्राम प्रधान के नाम पर है। विभाग का करीब पांच-छह लाख रुपये बकाया है। जिस कारण कनेक्शन काटा गया है।