एसपी देहात से की चंदपुर के बेगुनाहों को छोड़ने की मांग
बड़गांव (सहारनपुर)। शुक्रवार को पूर्व विधायक शशीबाला पुंडीर ने थाना बड़गांव पर कैंप कर रहे एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने चंदपुर गांव से गिरफ्तार कर जेल भेजे गए बेगुनाह युवकों की शीघ्र रिहाई कराने की मांग की।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में शशीबाला पुंडीर ने कहा कि भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर की मां को अपने बेटे की शुद्ध बुद्धि के लिए व्रत रखना चाहिए। क्योंकि, चंद्रशेखर गलत लोगों के हाथों में खेल रहा है। राजनीतिक लोग उसके बेटे को वोटों की खातिर गुमराह कर रहे हैं। कहा कि महाराणा प्रताप भवन में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी तक की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अभी तक कार्यवाही नहीं की। उन्होंने चेताया कि यदि उनके समाज के निर्दोष लोगों को सताया गया तो वे एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगी। उन्होंने नानौता एसओ की कार्यप्रणाली पर भी आक्रोश जताया। इस मौके पर प्रदीप राणा, ओमबीर सिंह आदि मौजूद रहे।