आईआईटी कैंपस में बनेगा 200 बेड का क्वारंटीन वार्ड
सहारनपुर। कोरोना से जंग को चिकित्सा विभाग तैयारी में जुटा है। आईआईटी रुड़की के सहारनपुर स्थित कैंपस आईपीटी (इंस्टीट्यूट ऑफ पेपर टेक्नोलॉजी) परिसर में 200 बेड का क्वारंटीन वार्ड बनाने की तैयारी है। साथ ही आईएमए के डॉक्टरों ने भी इसमें भागीदारी के लिए हामी भरी है। उधर, निजी अस्पतालों में भी आइसोलेशन वार्ड बनाए जाएंगे।
दरअसल, जनपद में जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में केवल आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक जिले में एक भी मामला पॉजिटिव नहीं निकला है। हालांकि चिकित्सा विभाग भविष्य की तैयारी को लेकर 200 बेड का क्वारंटीन वार्ड बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए आईपीटी परिसर का चयन किया गया है। आईएमए के पदाधिकारियों से सीएमओ ने बात की है। डॉक्टर इस जंग में साथ आने की हामी भर चुके हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी है। आधा दर्जन से अधिक अस्पतालों से बात की गई है।
आईआईटी कैंपस में 200 बेड का क्वारंटीन वार्ड बनाने का निर्णय लिया गया है। निजी अस्पतालों में भी आइसोलेशन वार्ड बनाने की कार्यवाही चल रही है। इसके लिए अस्पताल चला रहे डॉक्टर और आईएमए ने साथ देने की बात कही है।
डॉक्टर बीएस सोढ़ी, सीएमओ।