सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में यमुना बांध के किनारे कुलेंट केमिकल के करीब 20 सिलिंडर पड़े मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। दशहत में आए ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ते को भेजा गया, लेकिन जांच में पता चला कि ये सिलिंडर खाली हैं। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
गंगोह कोतवाली के गांव कुंडाकलां में शनिवार की देर शाम ग्रामीणों को यमुना बांध के किनारे केमिकल के बीस सिलिंडर थोड़ी-थोड़ी दूर पर पड़े मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। आनन-फानन कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
इसके बाद जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते को भेजा गया। हालांकि जांच में पाया गया कि सिलिंडर खाली थे। इसके बाद सभी सिलिंडरों को पुलिस कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। बताया जा रहा है कि मशीनरी को ठंडा रखने वाला केमिकल कुलेंट इस सिलिंडर में भरा होगा। माना जा रहा है कि किसी ने इस्तेमाल के बाद इन्हें यहां फेंक दिया।
यह भी पढ़ें: खतरें में जिंदगियां: यूपी में बाढ़ जैसे हालात, कई गांवों पर मंडराया बड़ा खतरा, प्रशासन हुआ अलर्ट, तस्वीरें
बता दें कि हाल ही में एटीएस ने कुंडाकलां से आतंकी नदीम को पकड़ा था। इसके मद्देनजर पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया। हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने पर राहत की सांस ली है। उधर, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सूचना पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड को मौके पर भेजा गया है। मौके से इंस्ड्रस्टीज में मशीनों को ठंडा करने के लिए इस्तेमाल होने वाले कुलेंट के खाली सिलिंडर मिले हैं।