सहारनपुर। जनपद में 20 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। चिकित्सा विभाग ने 16 से 19 मार्च तक नमूने लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट शनिवार को आई है। वर्तमान में जनपद में कोरोना के 57 एक्टिव मरीज हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि कोरोना की जांच लगातार जारी है। 16 से 19 मार्च तक अलग-अलग जगहों से संदिग्ध मरीजों के नमूने लेेकर जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट आई है। 20 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें पांच सहारनपुर शहर, चार रामपुर मनिहारान, चार नकुड़, तीन सरसावा, एक साढ़ौली कदीम, एक देवबंद, एक शामली तथा एक मेरठ का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि कोरोना फिर से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि कोरोना से बचाव के उपाय अपनाएं। बेवजह भीड़ वाले क्षेत्रों जैसे मॉल, बाजार, होटल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मेला आदि में न जाएं। मास्क लगाकर ही बाहर निकलें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
सुनयना को कायाकल्प अवार्ड
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिला महिला अस्पताल की नर्स तथा राजकीय नर्सेज संघ की जिला एवं मंडल अध्यक्ष सुनयना आलम को कायाकल्प अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी भी मौजूद रहे।