एक संपत्ति सील, साढ़े सात लाख रुपये की वसूली की
सहारनपुर। नगर निगम की टीम ने शनिवार को टैक्स नहीं चुकाने पर जैन कॉलेज रोड पर एक संपत्ति सील कर दी और टैक्स जमा करने पर सील खोल दी गई। कोर्ट रोड स्थित पेट्रोल पंप को जैसे ही सील करने के लिए टीम पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। पेट्रोल पंप मालिक ने शाम तक का समय मांगा। शनिवार को कुल साढ़े सात लाख रुपये की वसूली की गई।
नगर निगम के टैक्स विभाग की टीम कर अधीक्षक विनय शर्मा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी और प्रवर्तन अधिकारी रिटायर्ड कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में बकाया टैक्स की वसूली करने के लिए कोर्ट रोड क्षेत्र में पहुंची। जैन कॉलेज रोड पर एक प्रतिष्ठान पर 67 हजार रुपये का टैक्स बकाया था। मौके पर पहुंची टीम ने जब टैक्स मांगा तो प्रतिष्ठान स्वामी आनाकानी करने लगा। इसके बाद निगम ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया। करीब आधा घंटे बाद प्रतिष्ठान स्वामी ने पैसा जमा कराया, जिसके बाद सील खोल दी गई। इसके बाद निगम की टीम कोर्ट रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची, जिसपर करीब छह लाख रुपया टैक्स बकाया है। जैसे ही निगम ने पेट्रोल पंप को सील करने की तैयारी शुरू की तो पेट्रोल पंप स्वामी ने शाम तक जमा कराने की बात कही और सील नहीं लगाने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने शाम तक टैक्स जमा नीं कराने की स्थिति में रविवार की सुबह पेट्रोल पंप को सील करने की चेतावनी दी। इनके अलावा टीम करीब एक दर्जन बकाएदारों पर भी पहुंची थी। शनिवार को कुल साढ़े सात लाख रुपये की वसूली की गई। र -