निजी चिकित्सकों ने मनाया काला दिवस
सहारनपुर। एनएमसी (नेशनल मेडिकल कमीशन) बिल 2017, आईएमसी (इंडियन मेडिकल काउंसिल) अमेंडमेंट्स बिल 2018 तथा कंज्यूमर प्रोटेक्शन बिल 2018 के विरोध में निजी चिकित्सकों ने शुक्रवार को काला दिवस मनाया। चिकित्सकों ने काला बिल्ला लगाकर और बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर बिलों का विरोध किया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से बैठक की गई।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि एनएमसी बिल 2017 लोक सभा में लंबित है। आईएमए पहले से ही इसका विरोध कर रही है, क्योंकि यह बिल पूरी तरह अलोकतांत्रिक और गरीब विरोधी है। आईएमसी और सीपीए बिल भी लोक सभा में पास किए गए हैं, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि जो बिल पास किए गए हैं या करने की तैयारी है उनकी वजह से निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा असर गरीबों पर पड़ेगा। आईएमए इसका विरोध कर रही है और करती रहेगी। इस संबंध में केंद्र सरकार के नाम का एक ज्ञापन सांसद राघव लखनपाल शर्मा को सौंपा जाएगा। बैठक में सचिव डॉ. प्रशांत खन्ना, डॉ. शलभ जैन समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।