कार्यशाला में बच्चों को दिए सुंदर लेखन के टिप्स
गागलहेड़ी। एसआर पब्लिक स्कूल में हस्तलेख को अधिक सुंदर एवं आकर्षक बनाने के लिये कैलीग्राफी इंडिया संस्था द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य हरीश शर्मा और निदेशक सचिन भारद्वाज ने किया। कार्यशाला में कैलीग्राफी इंडिया की सहारनपुर शाखा की निदेशक प्रियंका रावत ने इस कला की उपयोगिता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र छात्राओं को बताया की कैलीग्राफी हस्त लेखन की एक विशिष्ट विधा है। इस विधा से उच्च स्तरीय प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र, सरकारी दस्तावेज, अभिलेख, आदेश आदि सुंदर हस्त कला में लिखे जाते हैं। उन्होंने बच्चों को अपनी अभ्यास पुस्तिका एवं पाठ्य पुस्तकों में किस प्रकार सुंदर ढंग से लिखा जाए इसे प्रोजेक्ट के माध्यम से समझाया। विद्यालय के पांच सौ से अधिक छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने कार्यशाला में प्रतिभाग किया और इस कला की बारीकियों को समझा। विद्यालय प्रबंधक ललित शर्मा, चेयरमैन अनिल शर्मा, योगेश भारद्वाज, प्रियंका भारद्वाज, रितिका शर्मा, रूपा, अंकिता, वंदना, प्रिंसी, संध्या, अमन, सरिता और ममता यादव आदि मौजूद रहे।