डीएम ने किया धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण
सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने बृहस्पतिवार को नकुड़ स्थित खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारी से लक्ष्य से अधिक धान खरीद करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी के साथ खाद्य विभाग के धान क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केंद्र प्रभारी अशोक चंद्र जोशी मौजूद थे। केंद्र के अभिलेखों का निरीक्षण करने पर कोई त्रुटि नहीं पाई गई। केंद्र पर अब तक 65 किसानों से 2178 क्विंटल धान खरीद हुई है। निरीक्षण के समय केंद्र पर ग्राम पद्म नगली के किसान साधुराम एवं ग्राम सहजवा के किसान विनोद कुमार के द्वारा लाए गए धान का नमूना लेकर विश्लेषण किया जा रहा था। विश्लेषण में कृषकों का धान शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाये जाने पर खरीद की गई। डीएम ने केंद्र प्रभारी को क्रय केेंद्र पर कृषकों की सुविधाओं की सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रखने और निर्धारित लक्ष्य से अधिक धान खरीद करने के निर्देश दिए।