सांप्रदायिकता के खिलाफ अमन की जंग होगा लोस चुनाव : अतुल
देवबंद (सहारनपुर)। सरधना (मेरठ) विधानसभा प्रभारी अतुल प्रधान ने कहा कि लोकसभा चुनाव सांप्रदायिकता के खिलाफ अमन की जंग होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया है।
बृहस्पतिवार को सपा नगराध्यक्ष तंजीम खान के कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में अतुल प्रधान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पास आते ही सत्तापक्ष द्वारा देश-प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे लोग भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ा जाएगा। हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर देश प्रदेश का माहौल खराब करने वालों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। प्रधान ने कार्यकर्ताओं से आपसी मनमुटाव दूर कर एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। एक सवाल के जवाब में कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा को अयोध्या और राममंदिर की याद आती है। जिससे सिद्ध होता है कि भाजपा हिंदू समाज की भावनाओं से भी खिलवाड़ कर रही है। इस मौके पर नूर हसन, खलील प्रधान राजूपुर, कलीम कुरैशी, असलम मुखिया, अब्दुल कादिर खां, चौधरी अजहर, चौधरी अमित, सैयद हारिस, शान खान और इनायत अली आदि मौजूद रहे।