सहारनपुर। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशासन एकादश और एक्टिव मीडिया एकादश की टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। प्रशासन एकादश की टीम ने 102 रनों से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रशासन एकादश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 218 रन बनाए। इनमें कमल त्यागी ने सर्वाधिक 44, डीपीआरओ सतीश कुमार ने 39, डीआईजी शरद सचान ने 27, डीएम आलोक कुमार पांडेय ने 21, विक्की तोमर ने 14 और कोच अब्दुल अहद ने सात रन बनाए। एक्टिव मीडिया एकादश की ओर से दीपेंद्र ने तीन, खालिद और शीलेष ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एक्टिव मीडिया एकादश की टीम 20 ओवर में मात्र 116 ही रन बना पाई। इनमें शीलेष ने 25, देवेश ने 18, देश दीपक ने आठ, जबकि खालिद ने चार रन बनाए। प्रशासन एकादश की ओर से सचिन और कमल त्यागी ने दो-दो जबकि सतीश कुमार ने एक विकेट लिया। मेन ऑफ द मैच डीपीआरओ सतीश कुमार को चुना गया, जबकि दीपेंद्र को बेस्ट बॉलर और शीलेष को बेस्ट फिल्डर का खिताब मिला। स्कोरिंग तनवीर अहमद ने की, जबकि कमेंटरी संदीप शर्मा ने की। फुरकान और सचिन एम्पायर रहे। इस दौरान एडीएम (प्रशासन) एसके दूबे, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ मुकेश मिश्रा, सीपी सिंह, राजेश जैन, अनिल भारद्वाज, राजीव पाठक, सीपीएम त्रिपाठी, नीना जैन, विकास कपिल, मुकुंद मनोहर गोयल आदि मौजूद रहे।