गंगोह (सहारनपुर)। बकाया वसूली करने पहुंची राजस्व टीम के साथ बकाएदार एवं अन्य ग्रामीणों ने झगड़ा शुरू कर दिया। बिना बकाया वसूले बैरंग लौटे सहायक अमीन ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर दी है।
नायब तहसीलदार अजब सिंह राणा के साथ अमीन प्रमोद कुमार प्रथम, प्रमोद कुमार द्वितीय, मनोज शर्मा एवं सहायक अमीन आजाद सिंह के अलावा एसबीआई बैंक के फील्ड आफिसर राम किशोर की टीम गांव जेहरा में बैंक के लगभग 35 लाख रुपये के बकायादार चले आ रहे दो किसानों के यहां बैंक लोन जमा कराने का तकाजा करने पहुंची थी। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने शोर मचाकर वहां अन्य ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया और टीम के साथ अभद्रता करने लगे। भीड़ का उग्र रूप देख राजस्व कर्मियों ने डायल 100 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने की खबर लगते ही आरोपी फरार हो गए। टीम ने इसकी सूचना तहसीलदार को दी। तहसीलदार ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सहायक अमीन आजाद सिंह द्वारा कोतवाली में नामजद तहरीर दे दी गई है।