मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहन सीज
गागलहेड़ी। संभागीय परिवहन विभाग ने शनिवार को स्कूली बसों की चेकिंग की। इस दौरान बिना कागजात और निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों को ला रही गाड़ी को सीज किया गया। अधूरे कागजों पर चल रही गाड़ियों के चालान काटे गए। इससे स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा और पीटीओ मोहन राकेश ने अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसमें उन्होंने पीजी पायस इंटर कालेज और मोंट फोर्ट स्कूल की दो बसों, लार्ड कृष्णा की एक गाड़ी, एसआर पब्लिक स्कूल की दो बसों के अधूरे कागजात होने पर चालान काटे जबकि एमएलडी पब्लिक स्कूल की चार बसों और मदरसा की दो बसों को सीज किया गया। राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि खटारा स्कूल वाहनों में बच्चों की जिंदगी खतरे में नहीं डालने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरी दस्तावेजों से लेकर बच्चों को बैठाने से लेकर फिटनेस तक के मानक पूरे करने पर ही स्कूल वाहनों का संचालन होने दिया जाएगा।