गंगोह। गांव मोहड़ा में वाल्मीकि मंदिर के सरकारी हैंडपंप के बहाने दलित-सवर्ण विवाद खड़ा करने की साजिश बताते हुए वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोपी का सामाजिक बहिष्कार करने की घोषणा की है।
बता दें कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम प्रधान पर हैंडपंप रिबोर कराने में भेदभाव बरतने का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि प्रधान ने देवी मंदिर का हैंडपंप तो रिबोर करा दिया, लेकिन वाल्मीकि मंदिर का हैंडपंप रिबोर नही कराया। वाल्मीकि समाज के बाबूराम, मोती, ज्योतिराम, राहुल, कर्मवीर सुरेंद्र, प्रेम, राजपाल सिंह, धर्मवीर, तूमन, नरेश, सुरेश, अर्जुन, राकेश आदि का कहना है कि ग्राम प्रधान पर आरोप लगाने वाला अपराधी किस्म का व्यक्ति अपने मुकदमों को वापस लेने के लिए दबाव बना रहा है। लोगों ने उक्त व्यक्ति पर दबाव की राजनीति के तहत दलित-सवर्ण विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान को क्लीन चिट दे दी। इसके साथ ही उक्त व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार करने की घोषणा भी कर दी गई। ग्राम प्रधान मनोज शर्मा के अनुसार दलित समाज के लोगों द्वारा वाल्मीकि मंदिर में लगे सरकारी हैंडपंप के खराब होने की सूचना के तुरंत बाद ही हैंडपंप ठीक करा दिया गया था।